प्रभारी डीजीसी (क्रिमनल) साधना शर्मा की हत्या का मामला
गैर जमानती वारंट के प्रार्थना पत्र पर बुधवार को होगी सुनवाई
प्रभारी डीजीसी (क्रिमनल) साधना शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी पीसी शर्मा के लिए मुख्य दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट से मंगलवार को कोई राहत नहीं मिली। पीसी शर्मा की ओर से सरेंडर करने के लिए दाखिल की गई अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया। पुलिस ने हालांकि गैर जमानती वारंट लेने के लिए प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत किया लेकिन विवेचक की गैर मौजूदगी की वजह से अब उस पर सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी।
सुपारी देकर साधना शर्मा की हत्या कराए जाने के मामले में 28 जून को सीजेएम मोहम्मद असलम सिद्घीकी के कोर्ट में सरेंडर अर्जी दाखिल करने वाले पीसी शर्मा के गैर जमानती वारंट हासिल करने के लिए कोतवाली पुलिस की ओर से दरोगा एके सिंह ने प्रार्थना पत्र पेश किया। कोर्ट ने पीसी शर्मा की सरेंडर अर्जी तो खारिज कर दी लेकिन विवेचक/ प्रभारी निरीक्षक गोपीचंद्र यादव की गैर मौजूदगी की वजह से उस पर कोई फैसला नहीं हो पाया। गैर जमानती वारंट के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई 13 जुलाई (बृहस्पतिवार) को होगी। आरोपी पीसी शर्मा ने जिस दिन सरेंडर अर्जी दाखिल की थी उसके अगले दिन ही पुलिस ने हत्याकांड में वांछित होने की रिपोर्ट पेश कर दी थी।
बता दें कि स्कूटी सवार साधना शर्मा की हत्या 23 मई को बदायूं रोड पर कर दी गई थी। मृतका की बहन विपर्णा गौड़ ने नामजदगी भी कराई लेकिन पुलिस ने 26 जून को वर्कआउट कर पीसी शर्मा समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया था। आरोपियों में से डीआरडीए के बाबू गिरीशचंद्र और टवेरा मालिक राजू को कोतवाली और सुपारी लेने वाले अब्दुल नवी उर्फ मस्ताना को मुजरिया पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हत्याकांड में फरार मुजरिया के गांव नगला सलारपुर के पिंटू उर्फ मुनेंद्र, बिल्सी के गांव बेहटा गुसाईं निवासी इशरत और यासीन बाबा समेत बिल्सी थाना क्षेत्र के ही गांव परौली निवासी मोहब्बत उर्फ साजिद के गैर जमानती वारंट पुलिस पहले ही हासिल कर चुकी है।
-----
‘गिरफ्तारी से बचने को पीसी ने चली थी चाल’
मृतका साधना शर्मा की बहन विपर्णा गौड़ ने बताया कि पहले से ही महसूस होने लगा था कि मुख्य आरोपी पीसी शर्मा कोर्ट में सरेंडर नहीं करेगा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट हासिल न कर ले, इसीलिए उसने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर पुलिस को गुमराह कर दिया। अब उसकी चाल बेनकाब हो चुकी है।