पुलिस ने मदरसा संचालक के घर हुई पांच लाख रुपये की डकैती का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने तीन बदमाश गिरफ्तार किए हैं। इनके पास से 5600 रुपये, कुछ जेवर, दो तमंचे और दो मोबाइल बरामद हुए हैं। इनके तीन साथी भागने में कामयाब हो गए। एसओ अलापुर जीत सिंह का दावा है कि इन्हीं बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था।
ककराला के वार्ड नंबर 15 में 30 मार्च की राज मदरसा संचालक शाकिव अली खां के घर पर आधा दर्जन नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया था। पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश यहां से ढाई लाख रुपये की नकदी और जेवर समेत करीब पांच लाख रुपये का माल लूट कर ले गए थे। एसओ जीत सिंह ने दावा किया कि ककराला चौकी इंचार्ज राजीव कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि नवादा के पास पुराने भट्ठे के खंडहर में बदमाश लूट की रकम का बंटवारा कर रहे हैं। उन्होंने सिपाही ऋषि पांडेय, बाबू हुसैन, ओसाफ अली के साथ बदमाशों की घेराबंदी करके अमर सिंह निवासी धनूपुरा , छविराम निवासी भोजपुर थाना कादरचौक और ककराला के वार्ड नंबर 24 निवासी माशाअल्ला को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक सोने की चेन, एक अंगूठी, बुंदा और 5600 रुपये की नगदी बरामद हुई। बदमाशों के तीन साथी वाहिद, विक्रम और बनवारी फरार हो गए। गिरफ्तार बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
माशाअल्ला ही मास्टर माइंड
एसओ ने बताया कि गिरफ्तार किया गया माशाअल्ला डकैती की इस घटना का मास्टर माइंड है। चोरी के एक मामले में ये पहले भी जेल जा चुका है।
टीम को ढाई हजार का इनाम
एसपी सिटी अनिल यादव ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए ढ़ाई हजार का नगदी इनाम देने की घोषणा की है।