बिल्सी थाने के दो सिपाहियों के हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कितनी संजीदा है यह साफ हो गया है। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी को 16 टीमें, तीन सीओ और छह एसओ ऐसे ही खाली हाथ नहीं हैं। मंगलवार को एसओ इस्लामनगर सीपी सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड के काशीपुर भेजी गई पुलिस टीम रास्ते से ही लापता हो गई। सूत्रों की मानें तो टीम में शामिल एसओ इस्लामनगर सीपी सिंह और कांस्टेबल राजवीर मुरादाबाद स्थित अपनी रिश्तेदारियों में ठहर गए। कार्रवाई के स्थान पर विभागीय अफसर मामले को दबाने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं।
सिपाही शहीम खान, भीमसेन की हत्या के आरोपी जगतपाल, उसकी पत्नी कांता देवी, दो बेटियां और एक बेटे पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। खुद आईजी मामले में मॉनीटरिंग कर रहे हैं। एसएसपी सौमित्र यादव ने आरोपियों की गिरफ्तारी को पूरी ताकत झोंक दी है। तीन सीओ स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में छह सीओ और 16 टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी को जुटी हुई है। जगतपाल की लोकेशन उत्तराखंड के काशीपुर में होने की खबर पर एसओ इस्लामनगर सीपी सिंह और कांस्टेबल राजवीर को मंगलवार सुबह काशीपुर भेजा गया था। यह दोनों लोग सुबह ही बदायूं से काशीपुर के लिए रवाना हो गए। देर रात तक काशीपुर नहीं पहुंचे तो महकमे में खलबली मच गई। दोनों को ट्रेस किया गया तो पता चला कि यह मुरादाबाद में हैं।
सिपाहियों के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस की आला दर्जे की लापरवाही सामने आने के बाद भी अफसर मामले को रफा-रफा करने की जद्दोजद में जुटे हुए हैं। एसपी देहात मुन्ना लाल सफाई दे रहे हैं कि टीम काशीपुर में है, जबकि टीम के मुखिया एसओ इस्लामनगर अपनी लोकेशन मुरादाबाद में बता रहे हैं।
---
टीम काशीपुर पहुंच गई है। काशीपुर और बाजपुर समेत कई इलाकों में आरोपियों की तलाश किया है। टीम के काशीपुर नहीं पहुंचने की बात गलत है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-मुन्ना लाल, एसपी देहात
-----
मैं सुबह तड़के कांस्टेबल राजवीर के साथ बदायूं से काशीपुर के लिए निकला था। मुरादाबाद में कोर्ट एवीडेंस होने की वजह से यहां रुक गया हूं। इस बारे में अधिकारियों को बता दिया है।-सीपी सिंह, एसओ इस्लामनगर
-----
अफसरों के पास नहीं टीमों की लोकेशन
बदायूं। पुलिस सिपाहियों के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को किस तरह से काम कर रही है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अफसरों के पास पुलिस टीमों की सही लोकेशन तक नहीं है। मंगलवार शाम साढ़े सात बजे एसपी देहात ने एसओ इस्लामनगर सीपी सिंह के नेतृत्व वाली टीम के काशीपुर में होने की बात कही। जबकि खुद एसओ सीपी सिंह ने बताया कि वह मुरादाबाद में हैं। अफसर सफाई कितनी भी दें, लेकिन इतना साफ है कि इस लापरवाही से जगपाल की गिरफ्तारी जल्द संभव नहीं है।