थाना क्षेत्र के गांव खैरी में शनिवार को बच्चों के मामूली विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हो गया था, जिसमें एक पक्ष ने युवक अफजाल कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के पिता ने तीन सगे भाइयों एवं चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार की शाम थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को आला-ए-कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उन्हें जेल भेजा है।
एसओ बृजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को गांव खैरी निवासी इकबाल कुरैशी और अनवार कुरैशी के पुत्रों में किसी मामूली विवाद होने के बाद कहासुनी हो गई। जिसमें अनवार के पुत्रों ने इकबाल के घर पर लाठी-डंडों एवं हथियारों के साथ धावा बोल कर मारपीट करना शुरू कर दी। इसी दौरान अनवर कुरैशी के पुत्रों ने अवैध हथियारों से फायरिंग भी की, जिसमें से एक फायर इकबाल के पुत्र अफजाल की गर्दन में लगा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में इकबाल ने गांव के तौफीक, तौहीद, समीर पुत्रगण अनवर कुरैशी एवं अनवर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार शाम थाना पुलिस ने बिजनौर-बदायूं हाइवे पर स्थित नरैनी चौराहे से तौहीद को आलाकत्ल तमंचा मय खोखा कारतूत के साथ गिरफ्तार कर लिया। तौहीद के साथ उनका छोटा भाई समीर और पिता अनवार कुरैशी को भी गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।