तीन के खिलाफ बहला-फुसला कर ले जाने की रिपोर्ट
व्यापारियों का आरोप, सीओ के करीबी हैं तीनों आरोपी
कस्बे के एक बड़े व्यापारी की बेटी लापता हो गई। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार को व्यापारियों ने घटना के विरोध में बाजार बंद रखकर थाने का घेराव किया। बाद में थाना गेट पर धरना देकर बैठ गए। साथ ही एसएसपी को संबोधित पत्र एसओ को देकर तीन दिन में लड़की न मिलने पर बडे़ आंदोलन की चेतावनी भी दी। लड़की के पिता का आरोप है कि नामजद आरोपी सीओ बिसौली के करीबी हैं।
बुधवार सुबह से ही व्यापारियों का एक गुट घटना के विरोध में बाजार बंद कराने सड़क पर उतर आया। बाजार बंद कराने के बाद व्यापारियों ने लड़की को बरामद करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। उसके परिवार वालों ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी सीओ के करीबी हैं, इसीलिए पुलिस उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है।
वजीरगंज कस्बे के एक व्यापारी की 16 वर्षीय बेटी मंगलवार को लापता हो गई थी। व्यापारी का आरोप है कि उसकी बेटी को कस्बे के ही भोलू पुत्र महेंद्र, महेंद्र, रामपाल पुत्र सालिगराम बहला-फुसला कर ले गए। वह अपने साथ 50 हजार रुपये और जेवर भी ले गई है। व्यापारी की तहरीर पर मंगलवार शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। रात में तमाम व्यापारी फिर से थाने पहुंचे। यहां हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत करा दिया।
वैश्य महासभा ने की निंदा
बदायूं। अखिल भारतीय माहौर वैश्य महासभा के जिला मंत्री विशाल गुप्ता ने वजीरगंज में बाजार बंद कराने और थाने का घेराव किए जाने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह वैश्य समाज के दो परिवारों के बीच का मामला है। मामले को बेवजह तूल नहीं दिया जाना चाहिए।