विधायक की टाटा सफारी गाड़ी से शराब सेल्समैन के अपहरण के मामले में सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा ने शराब सेल्समैन के बयान दर्ज किए हैं। सूत्रों की मानें तो सेल्समैन ने यह बात कही है कि बुधवार को जिन लोगों ने शराब की दुकान पर झगड़ा किया था वह लोग विधायक के साथ ही रहते हैं। जिस सफारी गाड़ी से वे लोग आए थे वह गाड़ी भी विधायक सिनोद शाक्य की है।
बता दें कि बुधवार को टाटा सफारी गाड़ी में सवार आधा दर्जन लोग रेलवे स्टेशन के पास स्थित मॉडल शॉप पर पहुंचे थे। इन लोगों ने विधायक सिनोद शाक्य के नाम से ब्लैक डॉग व्हिस्की की बोलत मांगी। सेल्समैन पवनेश और दिनेश यादव ने इस ब्रांड की शराब उपलब्ध न होने की बात कही तो इन लोगों ने मारपीट की और पवनेश को गाड़ी में डाल कर ले गए। बाद में उसे बिसौली रोड पर काफी देर छोड़ दिया था। बुधवार को ही पवनेश की ओर से पौनिया नाम के एक व्यक्ति को नामजद करते हुए तीन लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले में सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा ने पवनेश और दिनेश यादव के बयान दर्ज किए हैं। दोनों सेल्समैन ने माना है कि अपहरण करने वाले लोग विधायक के साथ रहते हैं। जिस सफारी गाड़ी से वह आए थे वह गाड़ी भी उन्होंने विधायक के काफिले में देखी है।
नामजद की तलाश में कई जगह दबिश
बदायूं। शराब सेल्समैन को सफारी गाड़ी से अगवा करने के मामले में नामजद आरोपी पौनिया की तलाश में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कई जगह दबिश दी। इस दौरान आरोपी पुलिस के हाथ नहीं चढ़ सका है। सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा ने बताया कि नामजद की तलाश में विधायक के शहर के लावेला चौक स्थित आवास पर भी पुलिस ने गुरुवार रात दबिश दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान भी जल्द कर ली जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।