वजीरगंज में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुआ हादसा
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मंगलवार रात गांव सोही के पास भूसी भरा ट्रक मैजिक वाहन को टक्कर मारने के बाद पलट गया। हादसे में मैजिक वाहन चालक वीरपाल की मौत हो गई। इससे हाईवे छह घंटे तक जाम रहा। हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ। पुलिस बुधवार सुबह करीब छह बजे जाम खुलवा सकी। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी गईं।
वजीरगंज थाने के गांव करकटपुर निवासी वीरपाल (38) पुत्र सिपट्टर सिंह मैजिक वाहन चलाता था। मंगलवार रात वह वजीरगंज से बदायूं आ रहा था। रास्ते में सोही गांव के पास रात में करीब 12 बजे हाईवे पर मैजिक वाहन को भूसी से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मैजिक वाहन चालक वीरपाल की मौके पर मौत हो गई। हादसे में वीरपाल की मौत की खबर गांव पहुंची तो तमाम लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भर कर मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर वीरपाल का शव रखकर जाम लगा दिया।
रात में हादसे की खबर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। सुबह छह बजे तक हाईवे जाम रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अलसुबह पहुंची पुलिस ने किसी तरह से लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। तब यातायात सामान्य हो सका। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीरपाल के दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम है।
-----
छह घंटे में भी नहीं पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग
वजीरगंज। हाल ही में शासन ने हाईवे पर पेट्रोलिंग के लिए गाड़ियां मुहैया कराई थीं। जिले से होकर बरेली-मथुरा, मुरादाबाद-फर्रुखाबाद, बदायूं-बिजनौर, बदायूं-मेरठ हाईवे गुजरते हैं। कई बार हाईवे पर रोड होल्डअप की वारदात हो चुकी हैं। सभी हाईवे पर रात्रि गश्त के लिए पुलिस के पास गाड़ियां होने के बावजूद छह घंटे के बाद भी सोही के पास हाईवे पेट्रोलिंग कार नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि अगर समय से हाईवे पेट्रोलिंग कार पहुंच जाती, तो जाम छह घंटे से पहले ही खुल सकता था।
-----
इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। हाईवे जाम होने की मुख्य वजह भूसी भरा ट्रक पलटना था।
-नरेश कुमार, सीओ बिसौलीे