एसबीआई बैंक के केसीसी खाते से एक लाख पांच हजार रुपये की धनराशि फील्ड आफिसर द्वारा निकाले जाने का आरोप लगाते हुए किसान ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।
डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बालिस्टर सिंह पुत्र नत्थू सिंह निवासी ग्राम डकारा पुख्ता ने बताया कि उनका सहसवान की एसबीआई मेन ब्रांच में केसीसी का खाता है, जिसमें उनकी लिमिट दो लाख 88 हजार रुपये बनाई गई है। गत 21 मार्च को उन्होंने कृषि कार्य के लिए एक लाख 25 हजार रुपये बैंक खाते से निकाले थे। कुछ समय बाद जब वह अपना खाता चेक कराने फील्ड आफिसर के पास गए, तो उसने बताया कि इसमें से दो लाख 30 हजार रुपये निकाले गए हैं, जबकि उनके द्वारा मात्र एक लाख 25 हजार रुपये ही निकाले गए।
आरोप है कि अधिक पूछताछ करने पर फील्ड आफिसर ने उसके साथ अभद्रता की और जेल भिजवाने की धमकी दी। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि आफिसर ने ही उनके खाते से एक लाख पांच हजार रुपये की धनराशि निकाली है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। शिकायत रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को भी भेजी गई है।