संजरपुर रोड स्थित काशीराम कालोनी में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश में दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष की ओर पथराव भी किया गया। महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर दी थी।
काशीराम कालोनी निवासी शोभीराम और रामऔतार के पिछले दिनों मामूली बात पर झगड़ा हो गया था। उसी रंजिश में मंगलवार की शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। द्विपक्षीय मारपीट के बाद उन्होंने एक-दूसरे पर पथराव भी कर दिया। पथराव में शोभीराम घायल हो गया। दूसरे पक्ष की ओर रामऔतार, उसकी पत्नी नीलम और बेटा संजय घायल हुए हैं। घरवाले घायलों को लेकर रात में ही कोतवाली पहुंच गए। शोभीराम ने रामऔतार, संजय और वीरेश तो रामऔतार ने शोभीराम और उसके हमदर्द सत्ते को नामजद कराया है। पुलिस ने घायल महिलाओं समेत चारों लोगों को मेडिकल भी कराया।