पुलिस की दबंगई एक बार फिर देखने को मिली। इस बार हेड कांस्टेबल ने थाने में आई महिला को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं, उससे हजारों रुपये भी मांग लिए। मामला अंबाला के बराड़ा का है।
पति के साथ हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई की आस लेकर पहुंची महिला को थाने में ही पुलिस ने दबंगई दिखा दी। फिलहाल पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।
सीवनमाजरा गांव की रहने वाली कुलविंदर ने बताया कि उसकी दो दिन पहले गांव में कूड़ा डालने को लेकर पड़ोसी दलेर सिंह से कहासुनी हो गई। दलेर सिंह व महिला के पति मंजीत सिंह का विवाद हो गया। इसमें मंजीत सिंह भी घायल हो गया, जिसे अंबाला कैंट के सेना अस्पताल में दाखिल कराया। यह महिला मंगलवार को थाने में पहुंची थी।
कुलविंदर का कहना है कि वह कार्रवाई की मांग को लेकर बराड़ा थाने में पहुंची। उसके साथ उसकी भाभी व बहन भी थी। वह शिकायत पुलिस कर्मी से बताने लगी, लेकिन उसने कुछ नहीं सुना। लेकिन इसी दौरान थाने में तैनात उक्त कर्मचारी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। जब वह कुछ संभली तो पुलिसकर्मी उसे एक तरफ ले गए और उससे हजारों रुपये की डिमांड भी कर डाली।