थाना क्षेत्र के गांव उरैना में भागवत कथा से पहले निकली कलश यात्रा पर
किसी ने पत्थर फेंक दिया। इससे गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में
टकराव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर एसओ भोलू सिंह भाटी फोर्स के साथ
मौके पर पहुंच गए। बाद में गांव के प्रधान ने किसी तरह से बीच बचाव कराया।
घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है।
उरैना गांव में बुधवार को
भागवत कथा शुरू होने से पहले गांव में कलश यात्रा निकल रही थी। गांव में
परंपरागत हर साल कलश यात्रा निकलती है। इस बार कलश यात्रा पर किसी ने पत्थर
फेंक दिया। इससे लोगों में गुस्सा दौड़ गया। पत्थर फेंकने का विरोध करने
पर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। उन लोगों में टकराव की स्थिति बन गई।
बाद में पुलिस ने सुरक्षा के बीच कलश यात्रा निकलवाई।
पिछले सप्ताह पुसगवां में हुआ था तनाव
पिछले
सप्ताह थाना क्षेत्र के गांव पुसगवां में पुलिस ने एक धार्मिक जुलूस
जबरिया निकलवा दिया था। इससे वहां दो पक्षों में टकराव हो गया था। बाद में
पुलिस-प्रशासन के बड़े अफसर गांव पहुंचे थे। उसको निपटाने के लिए
पुलिस-प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। जांच में वजीरगंज पुलिस की
गलती सामने आई थी। तब स्थिति सामान्य हुई थी।