चॉकलेट दिलाने के बहाने पांच साल क ी बच्ची से अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। नशे में धुत आरोपी को ऐसा करते देख आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया।
उसकी जमकर धुनाई की और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। नगर कोतवाली पुलिस ने छेड़छाड़ और पोक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी प्रदीप (24) निवासी सुरक्षा विहार थाना बन्ना देवी जिला अलीगढ़ है। वह कोतवाली क्षेत्र में ही रहता है और एक फैक्ट्री में नौकरी करता है।
पुलिस के मुताबिक, पांच वर्षीय बच्ची बुधवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने नशे में धुत युवक ने गोद में उठा लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
आसपास लोगों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने युवक को दबोच लिया। उसकी धुनाई की। शोर शराबे की आवाज सुनकर बच्ची के परिजन भी आ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। आरोपी खुद बेकुसूर बता रहा है।
नाबालिग को अगवा कर रेप, आरोपी गिरफ्तार
एक किशोरी को अगवा कर उसके साथ रेप का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता को तीन दिनाें तक आरोपी ने लोनी में किराए पर कमरा लेकर रखा। पीड़िता के परिजनों ने उसे बंधनमुक्त कराया।
रेप और पोक्सो एक्ट के तहत मामले की रिपोर्ट सिहानी गेट कोतवाली में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिहानी गेट क्षेत्र में रहने वाली किशोरी 8 जनवरी को संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने 9 जनवरी को पड़ोसी युवक प्रहलाद उर्फ कपिल के खिलाफ बहला फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया था।
इसके बाद पीड़िता के परिजनों को सूचना मिली कि आरोपी उनकी बेटी को लोनी ले गया है। 12 जनवरी को परिजनों ने लोनी जाकर बेटी की तलाश की। परिजनों ने बताया कि आरोपी ने वहां एक मकान में किराए पर कमरा लेकर किशोरी को रखा था।
बेटी बरामद कर परिजन उसे लेकर सिहानी गेट कोतवाली पहुंचे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे बहला फुसलाकर ले गया और रेप किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से बहलाने-फुसलाने के मामले में रेप की और पोक्सो की धारा बढ़ा दी।
पुलिस ने बुधवार सुबह नंदग्राम कट से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रेम प्रसंग का मामला बता रहा है।
चार साल की मासूम से छेड़छाड़ का आरोप
गरिमा गार्डन निवासी दुकानदार पर चार साल की मासूम से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का आरोप परिजनों ने लगाया है। पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।
गरिमा गार्डन निवासी एक व्यक्ति निजी कंपनी में तैनात हैं। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी चार साल की बेटी घर के पास की परचून की दुकान पर टॉफी लेने गई थी।
उस दौरान दुकानदार ने बच्ची को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। बच्ची रोते हुए घर वापस आई और सारी बात उन्हें बताई। पिता दुकान पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और मामले की शिकायत ली। एसएचओ साहिबाबाद ने बताया कि शिकायत लेकर मामले की जांच की जा रही है।