इलाज के दौरान गर्भवती विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी फिलहाल पुलिस पकड़ से बाहर हैं।
उसहैत निवासी दिनेश गुप्ता ने अपनी बेटी सोनम (24) की शादी करीब एक साल पहले उसावां निवासी राममूर्ति के बेटे अंकित के साथ की थी। दिनेश गुप्ता का आरोप है कि शादी में काफी दहेज देने के बाद भी सोनम के ससुराली दो लाख रुपये नगद और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पांच महीने पहले सोनम को मायके छोड़ गए। नाते-रिश्तेदारों के कहने पर एक महीने पहले अंकित सोनम को विदा करा कर ले गया। सोनम गर्भवर्ती थी। पिछले दिनों ससुरालियों ने सोनम को पीटा। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इलाज के दौरान सोनम की सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। बुधवार को शव लेकर ससुराली उसावां आए। वह शव ठिकाने लगाने जा रहे थे। पुलिस ने दिनेश गुप्ता की तहरीर पर पति अंकित, ससुर राममूर्ति, ननद सोनी, सुनीता और नंदोई मुकेश के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।