फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हकीमगंज के पांच घरों में डाका, 45 लाख का माल लूटा

Tue, 29 Nov 2016 11:07 PM IST
बदायूं, ब्यूरो
विज्ञापन
डकैती - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 सदर कोतवाली के मोहल्ला हकीमगंज में सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक-एक कर पांच घरों में डाका डाला। तीन सगे भाइयों समेत पांच घरों से नगदी, जेवर और बर्तन समेत करीब 45 लाख रुपये का माल लूट ले गए। इसमें 1.50 लाख रुपये मूल्य का रियाल (सऊदी अरब की मुद्रा) भी शामिल है। मंगलवार सुबह खबर मिलने के बाद एसपी सिटी अनिल यादव और सीओ सिटी अभिषेक यादव ने कोतवाली पुलिस के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। लूट की धारा में ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

शहर कोतवाली के मोहल्ला हकीमगंज में सोमवार रात करीब 15 बदमाशों ने धावा बोला। इनमें पांच बदमाश पुलिस की वर्दी में थे। बदमाशों ने पहले तो रईस के घर पर धावा बोला। बकौल रईस, उसकी पत्नी सन्नो और परिवार के लोगों को हथियारों के बल पर बंधक बनाने के बाद यहां से एक लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने रईस के भाई कदीर के घर को निशाना बनाया। कदीर सऊदी अरब में नौकरी करता है। उसके परिवार के बाकी लोगों को कब्जे में करने के बाद लुटेरों ने 50 हजार रुपये, 1.50 लाख सऊदी रियाल (करीब 27 लाख रुपये भारतीय मुद्रा), दो किलो चांदी और 40 तोले सोने के आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने रईस के तीसरे भाई गुड्डू के घर पर धावा बोला। यहां से 50 हजार रुपये नगदी, सोने-चांदी के जेवर और बर्तन आदि समेत करीब दो लाख रुपये का माल लूट लिया। 
गौर करने वाली बात यह है कि तीन सगे भाइयों के घरों में डकैती डालने के बाद बदमाश पड़ोस के असलम के घर में सीढ़ी लगाकर चढ़े। यहां से सिर्फ दो मोबाइल ही ले जा सके। पड़ोसी आदिल के बंद पड़े मकान में भी बदमाश सीढ़ी लगाकर ही घुसे। आदिल रिश्तेदारी में गया हुआ था। यहां से बदमाश कितना माल ले गए? इस बारे में आदिल नहीं बता सका। रईस, कदीर और गुड्डू के परिवार वालों का कहना है कि पांच वर्दीधारी बदमाश वारदात के दौरान गली में गश्त करते रहे। बाकी ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 
विज्ञापन


घनी आबादी, पांच घरों में दबे पांव पड़ गया डाका!
 शहर कोतवाली क्षेत्र का मोहल्ला हकीमगंज बेहद घनी आबादी वाला है। गौर करने वाली बात यह है कि यहां पांच घरों में डकैती की वारदात हो गई और किसी को आहट तक नहीं हुई। घनी आबादी के बीच किस तरह से 15 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, यह किसी की समझ नहीं आ रहा। पुलिस अधिकारियों के गले यह वारदात नहीं उतर रही है। 
खुद रईस के परिवार वाले बता रहे हैं कि बदमाश करीब दो घंटे तक काम करते रहे। गौर करने वाली बात यह है कि दो घंटे के दौरान वारदात के बारे में आखिर क्यों किसी को भनक तक नहीं लगी। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डकैती की वारदात से मोहल्ले के लोग भी हैरान हैं। पुलिस अधिकारी इसको चोरी की घटना मान रहे हैं। 
------
कोतवाली पुलिस के साथ मैंने मौका मुआयना किया है। घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले का जल्द अनावरण किया जाएगा। एक घर में चोरों के घुसने की बात सामने आ रही है।
विज्ञापन

-अनिल यादव, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें