मुखबिर की सूचना पर दबिश देने पहुंचे सिपाहियों पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही बाल-बाल बच गए। हालांकि यह मुठभेड़ पब्लिक के गले नहीं उतर रही है। दोनों सिपाही किसी अधिकारी को सूचना दिए बिना सादा कपड़ों में पहुंचे थे। बाद में सिपाहियों ने इसकी सूचना एसओ को दी। एसओ अलापुर ने पीएसी के साथ बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन सफलता नहीं मिली।
ककराला में 30 मार्च को ककराला में मदरसा संचालक के घर डकैती पड़ी थी। इस मामले में पुलिस तीन बदमाशों को जेल भेज चुकी है। तीन बदमाश अब भी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। शुक्रवार सुबह ककराला चौकी के सिपाही बाबू पाशा और औसफ अली को सूचना मिली कि सोत नदी पुल के पास चार बदमाश कोई योजना बना रहे हैं। दोनों सिपाही थाने में सूचना दिए बिना सादा कपड़ों में बदमाशों को गिरफ्तार करने पहुंच गए। सिपाही बदमाशों की घेराबंदी कर रहे थे तभी बदमाशों की ओर से फायरिंग कर दी गई। सिपाही किसी तरह से जान बचाकर भागे। सिपाहियों ने इसके बाद सूचना चौकी इंचार्ज राजीव कुमार और एसओ जीत सिंह को दी। बाद में पुलिस और पीएसी ने इलाके में कांबिंग की लेकिन बदमाश भाग चुके थे। एसओ जीत सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।