ब्लाक जगत के प्राथमिक विद्यालय आरिफपुर नवादा का मामला
ब्लाक जगत के प्राथमिक विद्यालय आरिफपुर नवादा में सोमवार को निरीक्षण को पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी सोमनाथ विश्वकर्मा, एबीआरसी सीमा यादव का हेडमास्टर संजीव शर्मा से विवाद हो गए। उन्होंने एक-दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाया है। हेडमास्टर ने बीएसए से शिकायत में यूनिफार्म की कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि इसी बात पर विवाद हुआ। जबकि बीईओ और एबीआरसी का कहना है कि शिक्षक ने ही उन दोनों से अभद्रता की। उनका कहना है कि शिक्षक कमीशन मांगने की बात कहकर विवाद में उच्चाधिकारियों को गुमराह करना चाहता है। यह आरोप झूठा है। बीएसए ने इस मामले में जांच की बात कही है। मामला डीएम और एसपी सिटी तक पहुंचा है।
बीईओ जगत सोमनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि वह विद्यालय में परीक्षा की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। शिक्षक संजीव के कक्ष में पहुंचने पर वह अपनी कुर्सी से उठे ही नहीं, ऐसे में वह बराबर में पड़ी कुर्सी पर बैठ गए। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति के बारे में पूछने पर प्रधानाध्यापक संजीव शर्मा बिफर गया और उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। वहीं, एबीआरसी सीमा का कहना है कि प्रधानाध्यापक और बीईओ में किस बात पर नोकझोंक हुई उनको नहीं पता, लेकिन प्रधानाध्यापक ने उनके साथ भी अभद्रता की है। इसकी शिकायत उन्होंने एसपी सिटी और डीएम से की है।