बिसौली कोतवाली क्षेत्र की दबतोरी चौकी इलाके के आधा दर्जन गांवों में ऐसे लोगों को पता लगा है जिनके पास अकूत संपत्ति है लेकिन इनके स्रोतों का पता नहीं है। राजस्व विभाग की टीम ने ऐसे डेढ़ दर्जन लोगों की सूची तैयार कर ली है। अब इन लोगों की तलाश की जा रही है। शुक्रवार को इसी संबंध में एसडीएम बिसौली गुलाबचंद्र ने भी इलाके के कई गांवों का दौरा कर इस संबंध में जानकारी जुटाई थी।
दबतोरी चौकी इलाके के पपगांव, संग्रामपुर, लक्ष्मीपुर, दबतोरा में तमाम ऐसे लोग हैं जिनका संबंध हवाला कारोबार से है। हवाला कारोबार से इन लोगों ने अकूत संपत्ति जमा की है। इनकी तलाश में कई बार सीबीआई भी यहां छापेमारी कर चुकी है। पिछले साल कई लोगों के घरों पर सीबीआई ने नोटिस भी चस्पा किए थे। इसके अलावा यहां एसटीएफ ने भी कई बार छापेमारी की है। अक्तूबर में यहां नाइजीरियन नागरिकों को देखा गया था। यह मामला जब सुर्खियों में आया तो इलाका स्थानीय अभिसूचना इकाई के रडार पर आ गया। खुफिया विभाग ने यहां टोह भी ली। इसके बाद एसडीएम बिसौली गुलाब चंद्र ने राजस्व निरीक्षक राजेश शर्मा की अध्यक्षता में जांच के लिए तीन सदस्यों की एक कमेटी बना दी थी। कमेटी में लेखपाल रामऔतार यादव और सरबत अली भी शामिल हैं। करीब दो महीने जांच के बाद राजस्व टीम ने इलाके के गांवों में डेढ़ दर्जन ऐसे लोगों की पहचान की है जिनके पास अकूत संपत्ति है लेकिन इनकी आय के स्रोतों का पता नहीं लगा है। गौर करने वाली बात है कि जिन लोगों के नाम सूची में हैं वह लंबे समय से गायब चल रहे हैं। परिवार वाले भी इनके बारे में कोई जानकारी देने से कतरा रहे हैं।
तीन सदस्यों की कमेटी जांच कर रही है। कुछ ऐसे नाम मिले हैं जिनके पास अकूत संपत्ति है लेकिन इनकी आय के स्रोतों के बारे में जानकारी नहीं मिल रही है। जांच के बार ही स्थिति साफ हो सकेगी। -गुलाबचंद्र, एसडीएम बिसौली