बदमाशों ने वारदात को अंजाम पेशेवर तरीके से दिया। घटना का वक्त और बाइक सवार बदमाशों के भागने के तरीके पर गौर करें, तो यह साफ हो जाता है। पुलिस भी इस बात को स्वीकार कर रही है। इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने से पहले युवा व्यापारी श्रवण कुमार की रेकी भी की गई। पुलिस की मानें तो बदमाश प्रेमनगर से निकल कर सीधे मोहल्ला सड़क मेन रोड पहुंचे और बेलाडांडी पुल की ओर भाग गए।
श्रवण गुप्ता की हत्या कर बैग लूटने वाले बदमाशों को पता था कि रविवार को इस क्षेत्र में सन्नाटा रहता है। श्रवण गुप्ता रोज सुबह 10 बजे घर से दुकान के लिए निकलते थे। बदमाशों ने इसीलिए रविवार का दिन चुना। बाइक से आए और श्रवण गुप्ता के घर के पास ही खड़े हो गए। नगदी और जेवर से भरा बैग लेकर श्रवण गुप्ता घर से जैसे ही पैछल चलकर करीब 20 मीटर दूर पहुंचे, तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पहले उनके सीने में और फिर सिर में गोली मार दी और बैग लूटकर ले गए। बाइक चला रहा बदमाया हेलमेट पहने था। पुलिस भी इस बात को मान रही है कि घनी आबादी के बीच इस तरह की वारदात बिना पूरी जानकारी और रेकी के नहीं हो सकती।
------
श्रवण को रायपुर से दातागंज खींच लाई मौत
दातागंज। एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद श्रवण गुप्ता की नौकरी रिलायंस कंपनी में अच्छी पोस्ट पर लग गई थी। उनको तैनाती झारखंड के रायपुर में मिली थी। वेतन भी 60 हजार रुपये महीना था। पिता सुभाष चंद्र गुप्ता का बड़ा कारोबार है। उनका बड़ा गुप्ता हाथ बंटाता था, इसके बाद भी कारोबार के लिए एक व्यक्ति की जरूरत थी। करीब एक साल पहले पिता के कहने पर श्रवण ने नौकरी छोड़ दी और दातागंज आकर पिता के साथ कारोबार में हाथ बंटाने लगे थे। जब ये हादसा हुआ तो लोगों का यही कहना था कि श्रवण को रायपुर से मौत ही दातागंज खींच लाई।
-------
तीन साल पहले ही हुई थी शादी
दातागंज। श्रवण गुप्ता की शादी तीन साल पहले ही हुई थी। उनके एक डेढ़ साल का बेटा है। उनकी ससुराल बदायूं शहर के आवास विकास में है। संपन्न परिवार में दंपति जीवन काफी खुशी से कट रहा था। श्रवण गुप्ता की मौत से उनकी पत्नी सदमे में और पूरा परिवार वदहवास है।
-------
व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
गमगीन माहौल में हुई व्यापारी की अंत्येष्टि
दातागंज। पोस्मार्टम के बाद रविवार देर शाम युवा व्यापारी श्रवण गुप्ता की गमगीन अंत्येष्टि दातागंज स्थित श्मशान भूमि पर कर दी गई। वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर पालिका चेयरमैन राजीव गुप्ता ने कहा है कि अगर तीन दिन के भीतर घटना का सही वर्क आउट नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन करेंगे। घटना के बाद दातागंज पहुंचे भाजपा सांसद धर्मेद्र कश्यप ने भी नाराजगी जताई और जल्द खुलासा करने को कहा। सपा के पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, भाजपा नेता अशोक भारती, विनोद अग्रवाल, बुलबुल गुप्ता, संदीप गुप्ता आदि ने भी श्रवण के परिवार वालों को सांत्वना दी।