- दातागंज के गांव धनौरा में हुई वारदात, चार पर मुकदमा
- रामगंगा में कटी जमीन को लेकर दोनों में था विवाद
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव धनौरा में जमीन के विवाद में भाई ने अपने सौतेले भाई को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह सिर में गंभीर चोट होना बताई गई है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी गुलफाम सिंह यादव की मौत हो चुकी है। गुलफाम ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी से छोटे सिंह, राजेश्वर सिंह और दूसरी पत्नी से रामबृश, सर्वेश है। इनमें सर्वेश की मौत हो चुकी है। उसकी पत्नी अपने परिवार के साथ बरेली के फरीदपुर में बस गई हैं। गांव में छोटे सिंह, राजेश्वर और रामबृश रह रहे हैं। गुलफाम सिंह की कुछ जमीन रामगंगा में कट गई है। इस जमीन को लेकर रामबृेश और राजेश्वर सिंह (65) के बीच विवाद चल रहा था। बृृहस्पतिवार रात रामबृश ने शराब पीकर राजेश्वर को गालियां दीं। राजेश्वर ने विरोध किया तो दोनों के बीच मारपीट हो गई। शोर-शराबा होने पर रामबृेश का बेटा पुष्पेंद्र, रिश्तेदार भूरे, गब्बर और राजेश्वर का बेटा देवेंद्र भी आ गए। देवेंद्र का आरोप है कि भूरे और गब्बर ने उसे पकड़ लिया। रामबृेश और उसके बेटे साहूकार ने उसके पिता को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उसके पिता घायल होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद हमलावर भाग गए। घायल पिता को लेकर वह परिवार के साथ अस्पताल पहुंचा। यहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र देवेंद्र की तहरीर पर रामबृश, उसके बेटे साहूकार और रिश्तेदार भूरे, गब्बर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में तहरीर के आधार पर पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनिल कुमार यादव, एसपी सिटी