पुलिस ने जिले भर में चलाया धरपकड़ अभियान
छह तमंचे और 90 लीटर शराब भी बरामद हुई
पुलिस ने जिले भर में अभियान चलाकर चार इनामी बदमाशों समेत अलग-अलग मामलों में 29 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से छह तमंचे और 90 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। अभियान के दौरान 29 अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मान रही है कि जिले की कानून व्यवस्था में काफी सुधार होगा।
सीओ सिटी अभिषेक यादव के नेतृत्व में अभियान के दौरान पुलिस ने ढाई हजार रुपये के इनामी बदमाश माजिद पुत्र मंजूर को गिरफ्तार कर लिया। शामली के थाना कंधला के गांव शेखजादाना के रहने वाले माजिद पर दो दर्जन से ज्यादा संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सीओ सहसवान श्योराज सिंह के नेतृत्व में अभियान के दौरान मुजरिया पुलिस ने तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर ढाई-ढाई हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने फिरोजाबाद के राहुल कुमार, संदीप और अमरोहा के किशोरी नाम के बदमाश को गिरफ्तार किया है। अलापुर पुलिस ने कस्बा निवासी रामदीन को एक तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दातागंज पुलिस ने बराही गांव के बालकराम को 40 लीटर कच्ची शराब और एक तमंचा, दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। मुजरिया पुलिस ने परमू गांव के भुवनेश को एक तमंचा ओर दो कारतूस के साथ दबोच लिया। वजीरगंज पुलिस ने वन कोटा के रिजवान को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। सिविल लाइंस पुलिस ने भगवतीपुर के चंद्रभान को 10 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसावां पुलिस ने गांव कैली के राघवेंद्र को 40 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। अभियान के दौरान जिले भर में 29 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं।