बदमाशों ने हतरा के पास पेड़ डालकर रोड जाम किया
महिलाओं के जेवर-नकदी समेत पांच लाख लूट ले गए
असलहधारी बदमाशों ने शुक्रवार रात रोड होल्डअप कर दो वाहनों से जा रहे बारातियों से जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर इन लोगों को पीटा भी। महिलाओं से नकदी और जेवर लूट लिए। बदमाश करीब आधा घंटा तक लूटपाट करते रहे। एक गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। आरोप है कि लूट के बाद एक गाड़ी का चालक सूचना देने थाने गया तो पुलिस ने उसकी नहीं सुनी, बल्कि उसे ही पीट दिया। सूचना मिलने पर शनिवार को एसएसपी चंद्र प्रकाश ने एसपी देहात संजय राय और सीओ बिसौली केके सरोज के साथ मौका मुआयना किया। एसएसपी ने लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस को दो दिन का समय दिया है।
वजीरगंज थाने के गांव हतरा निवासी बब्बू खां के भाई सोहेल की बारात शनिवार को दिन में इस्लामनगर थाने के गांव नसरौल गई थी। निकाह होने के बाद परिवार के लोग अलग-अलग गाड़ियों से वापस लौट रहे थे। सोहेल के बहनोई मुजरिया के गांव मुस्तफाबाद निवासी अथर खां की बोलेरो गाड़ी में परिवार की महिलाएं थीं। बोलेरो खुद अथर खां चला रहे थे। यह लोग मंगला माता कोल्ड स्टोर के पास से निकलने वाले रास्ते से हतरा की ओर चले तो रास्ते में रोड पर पेड़ गिरा पड़ा था। रोड जाम होने की वजह से अथर ने बोलेरो रोक ली। इसी दौरान चार-पांच बदमाशों ने इन लोगों पर हमला कर दिया। असलहों से लैस बदमाशों ने अथर से 10 हजार 750 रुपये, उसकी पत्नी फराना से दो सोने की अंगूठी, एक हार लूट लिया। असलम की पत्नी रूबीना से 20 हजार रुपये, सोने का एक हार, दो अंगूठी, बब्बू की पत्नी शबाना से चार हजार रुपये नकद, सोने की चार चूड़ियां, एक हार, एक चेन, तीन अंगूठी और झाले लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट भी की।
बदमाश लूटपाट करके फरार होने जा रहे थे। इसी दौरान बारात में गई एक दूसरी कार यहां पहुंची। बदमाशों ने इसे भी रोक लिया। कार चालक अशोक को मारपीट कर घायल कर दिया। इस कार में भी परिवार की महिलाएं और लड़कियां थीं। बदमाशों ने वसीम की पत्नी शब्बो से सोने के झाले, मंगलसूत्र, दो अंगूठी और आठ हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश यहां से फरार हो गए। रात में ही यह लोग वजीरगंज थाने पहुंचे। आरोप है कि यहां पुलिस ने कार चालक अशोक की पिटाई कर दी। सोहेल के भाई बब्बू खां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-----
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमों के साथ लूट का खुलासा करने के लिए स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
-चंद्र प्रकाश, एसएसपी