प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच फायरिंग
बिनावर के गांव गुरुपुरी चंदन में सुल्तान और हुमायूं की पत्नी प्रधान पद की उम्मीदवार हैं। बुधवार सुबह सुल्तान और हुमायूं गांव में वोट मांगने निकले थे। इसी दौरान दोनों प्रत्याशियों के बीच झड़प हो गई। दोनों ओर से पथराव और फायरिंग में सुल्तान पक्ष का आगाज (25) पुत्र फकीर, सिराज (30) पुत्र अफसर और हुमायूं पक्ष के शरमुम (30) पुत्र बबलू, अयाद (32) घायल हो गए। दोनों पक्षों के बीच करीब आधा घंटा तक फायरिंग होती रही। गांव वाले इस दौरान घरों में दुबक गए। खबर मिलने पर इंस्पेक्टर एसएस बराच फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। यहां से सभी को गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया है। गांव में घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात कर दिया गया है।
पुलिस की लापरवाही से बढ़ गई बात
गुरुपुरी चंदन गांव की घटना पुलिसिया लापरवाही का नतीजा है। दरअसल, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही चिंगारी सुगल रही थी। 22 नवंबर को गांव में उर्स के दौरान भी दोनों पक्षों के बीप झड़प हुई थी। मामला थाने भी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने समझौता कराकर सब कुछ रफा-दफा कर दिया। अगर उस वक्त पुलिस ने सख्त कार्रवाई की होती तो रंजिश खूनी संघर्ष में नहीं बदलती। इंस्पेक्टर बिनावर, एसएस बराच ने बताया कि घटना गंभीर है। पड़ताल की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के दौरान खुराफात करने वालों को किसी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।