चार लाख रुपये हड़पे नहीं बनाया एक भी शौचालय
सीडीओ ने शासकीय धनराशि वसूल किए जाने के दिए निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन अंर्तगत दी गई धनराशि को हड़प कर शौचालयों का निर्माण न कराने वाले ब्लाक दातागंज के ग्राम बेलाडांडी के पूर्व प्रधान पुष्पेंद्र यादव तथा पंचायत सचिव गुलाब सिंह एवं प्रवीन पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। शासकीय धन की भी वसूली करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान पद पर हुए चुनाव के बाद गांव का मुखिया बदल गया। मौजूदा ग्राम प्रधान ने चार्ज लेने के बाद पाया कि उनके गांव में शौचालयों के नाम पर रुपये तो निकाले गए, लेकिन शौचालयों का निर्माण नहीं हुआ। इस पर ग्राम प्रधान ने मामले की शिकायत की। शिकायत के आधार पहुंची तीन सदस्सीय टीम को गांव में शौचालय बने हुए नही मिले। ग्राम्य विकास अभिकरण के जेई सादुल्ला खां, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक जाबाज खां तथा तकनीकी अनुदेशक विनय कुमार की टीम ने जांच रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट में शौचालय निर्माण का घोटाला सामने आया।
समिति ने रिपोर्ट में बताया कि बेलाडांडी के ग्राम पंचायत सचिव गुलाब सिंह तथा प्रवीन पांडेय ने पूर्व ग्राम प्रधान के साथ मिलीभगत करके करीब चार लाख रुपए हड़प लिए और एक भी शौचालय का निर्माण नहीं कराया। सीडीओ ने दोनों ग्राम पंचायत सचिवों तथा पूर्व प्रधान पुष्पेंद्र यादव के खिलाफ एफआईआर कराकर सरकारी धनराशि वसूल किए जाने के निर्देश दिए।