सहसवान के मोहल्ला काजी में बुधवार को हुई वारदात
नगर के मोहल्ला काजी में उधारी के रुपयों को लेकर दो पक्षों में बीच फौजदारी हो गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, पथराव भी हुआ। इसमें दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है।
मोहल्ला काजी में मोहम्मद कासिम की उसी के घर में परचून की दुकान है। कासिम के रुपये मोहल्ले के ही मोहम्मद शालिम पर आ गए थे। बुधवार को शालिम से कासिम ने तकादा कर दिया। इसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इनमें बीच लाठी-डंडे चल गए, पथराव भी हुआ। मारपीट और पथराव में नाजिम, सगीर, अदनान, रुबीना, अब्दुल मन्नान, मोहम्मद कासिम, अब्दुल रहमान और नोमान समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। खबर मिलने पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया। यहां दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है।