पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार कर इनकी निशानदेही पर चोरी की 13 बाइक बरामद की हैं। दो वाहन चोर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गए। चोरी की बाइक बरामदगी में कोतवाली, सिविल लाइंस और इस्लामनगर पुलिस को कामयाबी मिली है। कोतवाली पुलिस ने सात, सिविल लाइंस ने चार और इस्लामनगर पुलिस ने चोरी की दो बाइक बरामद की हैं।
इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह ने मुठभेड़ के बाद मोनू उर्फ सिलेंडर निवासी योगमारक थाना सोरों और राजू पुत्र सुल्तान निवासी मल्लानगर थाना सोरों, कासगंज को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की सात बाइक बरामद की हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।
इधर, सिविल लाइंस थाने के एसएसआई संजय कुमार सिंह, एसआई अशोक कुमार तालियान, कांस्टेबल राजाराम और कौशल किशोर ने शेखूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से कादरचौक थाने के गांव धनूपुरा निवासी विजय और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की चार बाइक बरामद की हैं। इस्लामनगर थाने के एसआई कुलदीप सिंह ने संभल जिले के थाना गुन्नौर के गांव खेड़ा चबूतरा निवासी राकेश को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। राकेश के दो साथी इस्लामनगर थाने के गांव कोठा निवासी अवनीश और जितेंद्र भागने में सफल हो गए। एसएसपी सुनील सक्सेना ने पुलिस टीम की प्रशंसा की है।