उझानी के गांव संजरपुर में बुधवार रात की घटना
पथराव से भगदड़, प्रत्याशी समेत चार हमलावर नामजद
कोतवाली क्षेत्र के गांव संजरपुर बालजीत निवासी विनोद कुमार सिंह ने प्रधानी के चुनाव में प्रदीप कुमार के विरोधी का समर्थन किया था। आरोप है कि प्रदीप और उसके समर्थक रात में करीब 10 बजे घर में घुस आए। हमलावरों ने दरबाजे पर पथराव किया। विनोद पक्ष की ओर से मोर्चा लेने पर आसपास घरों से भी लोग बाहर निकल आए। मारपीट भी हुई। विनोद समेत उसके परिवार के लोगों के विरोध करने पर हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की।
घटना की सूचना पर कोतवाली से पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में घरों पर दबिश भी दी लेकिन कोई भी नहीं मिला। कोतवाल देवराज राठी ने बताया कि विनोद की ओर से पथराव और फायरिंग में प्रत्याशी प्रदीप समेत उसके समर्थकों में श्याम सिंह, अजय कुमार, सोनू को नामजद कराया है। दोनों पक्ष के प्रभावशाली होने की वजह से पुलिस की गांव पर नजर बनी हुई है। दो सिपाहियों को मौके पर तैनात कर दिया गया है। बतादें कि बुधवार सुबह में मलिकपुर निवासी हरीशंकर और महीपाल ने चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट और लूट का आरोप लगाया था।
जब्त हो सकती है मुचलके की धनराशि
उझानी। पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने पर कोतवाली पुलिस ने सभी गांवों में शांति बहाल रखने की नीसत से दोनों पक्ष के लोगों को मुचलके पर पाबंद किया था। पुलिस की मानें तो चुनाव को लेकर जिन गांवों में झगड़ा होगा, संबंधित आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। झगड़ा करने वालों की मुचलके की धनराशि जब्त कराने के लिए कोतवाली पुलिस कोर्ट में पैरोकारी करेगी।