118 कनेक्शन काटे, 182 ने कराए ओटीएस, 21.88 लाख वसूले
राजस्व वसूली में तेजी लाए जाने के लिए बिजली विभाग का अभियान शुक्रवार को बिल्सी क्षेत्र के गांवों में जारी रहा। इसके अंतर्गत बिल्सी थाना में 18 लोगों के खिलाफ बिजली बकाया बिल दिए बिना कनेक्शन जोड़ने पर एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही 21.88 लाख रुपये राजस्व वसूली की गई। बिजली विभाग की टीम गांवों में पहुंचने पर चोरी से बिजली प्रयोग कर रहे लोगों ने अपने तार खींचकर घरों में छिपा लिए।
विद्युत सब स्टेशन बिल्सी के जेई धर्मात्मा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया था। इस अभियान की जानकारी देते हुए विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन छैलबिहारी ने बताया कि ओटीएस कराने की अंतिम तिथि होने की वजह से 182 लोगों ने एकमुश्त बिल चुकाने के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया। कहा कि अभियान के दौरान 118 लोगों के विद्युत कनेक्शन काटे गए, जबकि 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। कहा कि राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।