बकाया पर नलकूप कनेक्शन काटने पर टीम को पीटा
दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर थाने में दी गई
सिविल लाइंस थाने के गांव भगवतीपुर के मजरा भजपुरा में रविवार को गांव के कुछ लोगों ने बिजली विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। इसमें बिजली विभाग के दो संविदा कर्मी घायल हो गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी गई है। घायलों का मेडिकल कराया है।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय में तैनात संविदा कर्मी अत्तन, रूम सिंह, मुशब्बिर अली और ज्वाला प्रसाद रविवार को सिविल लाइंस थाने के गांव भगवतीपुर पहुंचे थे। गांव के श्रीपाल के नलकूप पर 80 हजार रुपया का बकाया होने की वजह से पहले ही कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बाद भी श्रीपाल नलकूप चलाने के लिए बिजली का इस्तेमाल कर रहा था। विभाग के कर्मचारियों ने उसका कनेक्शन फिर से काट दिया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम वापस लौट रही थी। रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने इनको घेर कर हमला बोल दिया। मारपीट में अत्तन और रूमसिंह घायल हो गए। बाकी कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आईं।
हाईडिल पहुंच कर कर्मचारियों ने घटना के संबंध में जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने गांव में छपामारी भी की, लेकिन वह हत्थे नहीं आए। गांव के विजेंद्र और अर्जुन को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी गई है।
-------
दो लोगों को नामजद करते हुए सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी गई है। घायल कर्मचारियों का मेडिकल कराया गया है। अभी मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।-छैल बिहारी, अधिशासी अभियंता
---------
बिजली चोरी में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा
बदायूं (ब्यूरो)। विद्युत वितरण खंड द्वितीय ने रविवार को बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया। अभियान के दौरान मूसाझाग में आठ लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बाकी स्थानों पर विभाग की टीमों ने तीन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभियान के दौरान चार लाख रुपये वसूल भी किए गए।