काशीराम कॉलोनी में दंपति की पिटाई, पुलिस ने कराया मेडिकल
उधार के रुपये मांगने पर युवक की सरेराह पिटाई
काशीराम कॉलोनी में सोमवार सुबह हुई कहासुनी पर एक पक्ष के लोगों ने दंपति की पिटाई कर दी। पिटाई से घायल दंपति ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके पति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल कराया है।
मोहल्ला गौतमपुरी निवासी बुंदे शाह संजरपुर रोड स्थित काशीराम कॉलोनी में रहता है। सुबह किसी बात पर कॉलोनी के ही सत्येंद्र उर्फ सत्ते से विवाद हो गया। आरोप है कि सत्ते और उसकी पत्नी प्रीति ने बुंदे की पत्नी नसरीन को घेर लिया। दोनों ने उसकी पिटाई कर दी। बुंदे पहुंचा तो उसे नहीं बख्शा गया। लहूलुहान दंपति ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक यतेंद्र बाबू भारद्वाज को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया- सत्ते उसे और उसके परिवार को जानमाल का खतरा बना हुआ है। नसरीन ने पिछले दिनों भी सत्ते की शिकायत की थी। आरोपी सत्ते की पत्नी प्रीति ने भी बुंदे और नसरीन के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस ने सत्ते और प्रीति के खिलाफ मारपीट की नामजद रिपोर्ट दर्ज करने के बाद दोनों घायलों को मेडिकल कराया। इसके अलावा गद्दीटोला मोहल्ले में सोहेल की दो लोगों ने उस वक्त सरेराह पिटाई की जब उसने उनमें से एक से उधार के 15 हजार रुपये मांगे। आरोपी दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सोहेल कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है।