मनरेगा मजदूरों और प्रधान ने एसडीएम से की शिकायत
रोजगारसेवक और बैंक कर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप
विकास खंड इस्लामनगर के ग्राम जगत पीपरी के मनरेगा मजदूरों और ग्राम प्रधान ने रोजगार सेवक के खिलाफ मनरेगा मजदूरों की मजदूरी निकालने का आरोप लगाया। इस में बैंक कर्मचारियों पर मिलीभगत करने की बात भी कही। इस मामले में एसडीएम को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग है, जिस पर एसडीएम ने जांच करने के आदेश दिया है।
मनरेगा मजदूरों एवं ग्राम प्रधान ने रोजगारसेवक पर आरोप लगाया है कि उसने पंजाब नेशनल बैंक इस्लामनगर से सांठगंाठ करके बिना मजदूरों के हस्ताक्षर के मजदूरी की रकम निकाल लेता है। इस बार उसने सभी मजदूरों के लगभग तीन लाख रुपये की रकम विभिन्न बैंक खातों से निकाल ली है। यह जानकारी होने पर जब मजदूरों ने बैंक मैनेजर और रोजगारसेवक से उनके खातों से रकम निकालने की शिकायत कही तो उन्होंने मजदूरों को गालियां देकर भगाने साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। मजदूरों ने बताया कि वर्ष 2014 में भी इस रोजगार सेवक के खिलाफ वित्तीय अनियमितता में दंडात्मक कार्रवाई हो चुकी है। एसडीएम रामदत्तराम ने मामले की जांच कराकर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं रोजगारसेवक दिनेश कुमार ने आरोपों को निराधार बताया है।