हादसा रविवार अपराह्न में बरेली-मथुरा गांव बुटला बोर्ड के पास हुआ। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव नरसेना निवासी कल्यान की सात वर्षीय बेटी रौली दो दिन पहले यहां गांव चिकटिया निवासी नाना दफेदार के घर आई थी। दोपहर में वह नाना के साथ बुटला की साप्ताहिक पैठ में गई। सड़क पार करते वक्त रौली को कार ने चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने दौड़ कर कार की घेराबंदी कर ली, लेकिन चालक भाग गया। कार में बरेली के ठिरिया निजामत खां क्षेत्र के निवासी जायरीन सवार थे। चालक के भाग जाने से गुस्साए ग्रामीणों की भीड़ ने कार सवार जायरीनों की पटिाई कर दी।
भीड़ की पिटाई से घायल जायरीनों में तस्लीम, नाजिम और अफरोज ने बताया कि लोगों ने उनके सेलफोन और नकदी भी छीन ली। जायरीन एटा जिले में मारहरा शरीफ से लौट रहे थे। बाद में ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना के बाद एसएसआई एके सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को समझाकर जायरीनों को दूसरे वाहन से कोतवाली पहुंचाया। घायल बालिका की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जायरीनों और घायल बालिका के मामा की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी गई है। इधर, घंटाघर चौराहे पर बाइक सवार दातागंज थाना क्षेत्र के गांव अंगदपुर निवासी राजेश (45) उसकी बहन मीरा (40) पत्नी नवाब सिंह और बेटी स्मिता (17) घायल हो गए। राजेश अपनी बहन को कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतगंज स्थित ससुराल में पहुंचाने जा रहा था।