देर रात तक आरोपी के घर पर रहा पुलिस का डेरा
वापसी से पहले घरवालों को दी पक्ष रखने की हिदायत
बिना आईडी की सिम एक्टिवेट कर बेचे के मामले में हरियाणा पुलिस ने मंगलवार रात बिल्सी रोड बाजार स्थित सेलफोन कम्युनिकेशन के प्रतिष्ठान पर दबिश दी। प्रतिष्ठान का संचालक तो पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा, लेकिन पुलिस उसके घरवालों क बयान दर्ज कर सुबह में लौट गई।
रात में करीब नौ बजे बिल्सी रोड बाजार में सेलफोन कम्युनिकेशन के प्रतिष्ठान पर पहुंची हरियाणा के गुड़गांव की पुलिस ने सिम विक्रेता के बारे में आसपास के दुकानदारों से भी जानकारी हासिल की। दुकानदार उस वक्त प्रतिष्ठान पर नहीं था। दुकानदार के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल करने के बाद उसके घर पहुंची पुलिस ने देर रात तक घेराबंदी भी रखी, लेकिन वह तड़के तक घर पर नहीं आया। पुलिस ने उसके घरवालों को बताया कि बिना आईडी के जो सिम एक्टिवेट करके बेची गई, उसका आपराधिक घटना में इस्तेमाल हुआ है।
हरियाणा पुलिस ने दुकानदार के घरवालों को घटना के बारे में तो कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन घरवालों से कहा गया कि वह उसे अपना पक्ष रखने के लिए सप्ताह भर में गुडगांव भेजें। बाद में बुधवार सुबह में हरियाणा पुलिस लौट गई। इधर, हरियाणा पुलिस की दबिश के बारे मेें कोतवाल गोपीचंद्र यादव ने जानकारी होने से इंकार किया है। उनका कहना है कि हरियाणा के किसी भी जिले की पुलिस ने दबिश देने को कोतवाली आकर आमद नहीं कराई है।