रेवाड़ी। राजस्थान के टपूकड़ा जिले के गांव गुवालदा में हजारों रुपये कीमत की बाइक वाहन चोर महज तीन से पांच हजार रुपये में बेच आते थे। सिर्फ मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में ही दर्जन से ज्यादा वाहन चोरी करने की बात कबूल करने वाले दो चोरों ने इस बात का खुलासा किया है। पुलिस ने एक घटना के बाद चोरों की पहचान कर चोरी का प्रयास करते हुए उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड़गांव जिले के कस्बा पटौदी के अनिल और पलवल जिले के गांव अलावलपुर निवासी मनीष के रूप में हुई हैं। शुरूआती पूछताछ पर आरोपियों ने मॉडल टाउन थाना क्षेत्र से आधा दर्जन बाइक चोरी करने की वारदातों का खुलासा किया है।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपी शहर से बाइक चोरी कर आरोपी टपुकडा के नजदीक गांव गुवालदा में तीन से पांच हजार रुपये में बेचते थे। बताया कि 10 मार्च को आरोपी मॉडल टाउन क्षेत्र में स्थित कमला नर्सिंग होम के सामने से बाइक चोरी कर फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में उक्त आरोपियों को बाइक चोरी करते हुए पहचान की थी।
मंगलवार शाम उक्त आरोपी कोर्ट परिसर के पीछे बाइक चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे, उसी समय पुलिस ने आरोपियों को काबू लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिनांक 9 मार्च को कोर्ट परिसर के पीछे से चोरी की गई एक बाइक भी बरामद की है।
-------
-और भी वारदातों का हो सकता है खुलासा
चोरों को पुलिस रिमांड पर लेकर अभी पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि कई अन्य बाइक चोरी की वारदातों में भी इनका या गिरोह के अन्य सदस्यों का हाथ हो। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्य तथा आरोपियों द्वारा चोरी की गई बाइक के बारे में पूछताछ की जाएगी।