दरवाजे पर खड़ी शिक्षक की बाइक चोरी
नगर में बाइक चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को विमला हरिभगवान अग्रवाल इंटर कॉलेज के शिक्षक सचिन सिंघल की बाइक को चोर उनके दरवाजे से चुरा ले गए। भागते वक्त चोर की तस्वीरें मय बाइक वही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। बाइक मालिक ने कोतवाली पुलिस को फुटेज सौंप दी है।
घटना अपराह्न करीब तीन बजे की है। विमला हरिभगवान कॉलेज में शिक्षक मोहल्ला साहूकारा निवासी सचिन सिंघल ने कॉलेज से लौटकर बाइक दरवाजे पर खड़ी कर दी थी। करीब आधा घंटा बाद सचिन के भाई व्यापारी नेता अजय कुमार अग्रवाल उर्फ पप्पी घर से बाहर निकले तो दरवाजे पर बाइक नजर नहीं आई। सचिन समेत परिवार के लोगों ने आसपास उसे तलाश भी किया लेकिन सुराग नहीं लग पाया। वह पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखने पहुंचे तो एक फुटेज में उनकी बाइक पर युवक बाइपास की ओर जाता नजर आया। करीब 20-22 वर्षीय युवक क्रीम कलर की शर्ट और जींस पहने था। सचिन ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने भी इस हुलिया के युवक को देखा है। सीसीटीवी से फुटेज निकलवाकर शिक्षक के साथ कई व्यापारी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराकर फुटेज सौंप दी। कोतवाल संजय गोयल ने मुजरिया, कछला और बदायूं फोन कर पुलिस को सतर्क कर दिया है। बता दें कि पिछले दिनों साहूकारा मोहल्ले के ही निवासी भाजपा नेता अमित शर्मा की बाइक को राजीव गोयल के घर के सामने से तो व्यापारी दीपक शर्मा की बाइक को रेलवे स्टेशन के पास से चोरी कर लिया गया था।