रिटायर्ड इंजीनियर दंपति हत्याकांड मामले में किया मुआयना
इस्लामनगर में उमेश यादव के मामले में भी घंटों की पड़ताल
चर्चित रिटायर्ड इंजीनियर दंपति हत्याकांड और इस्लामनगर थाने के गांव सिठौली के अगवा किए गए उमेश यादव मामले में पड़ताल के लिए गुरुवार को सीबीआई की विशेष अपराध शाखा के एसपी एसके खरे बदायूं पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद पहले तो उन्होंने सीबीआई टीम के साथ शहर के मोहल्ला कटरा ब्राह्मपुर में रिटायर्ड इंजीनियर दंपति के घर को देखा। यहां लोगों से पूछताछ की। इसके बाद वह टीम के साथ इस्लामनगर थाने के गांव सिठौली पहुंचे। यहां भी कई लोगों से पूछताछ की गई।
कोतवाली के ब्राह्मपुर निवासी रिटायर्ड इंजीनियर विजेंद्र गुप्ता (75) और उनकी पत्नी सन्नो गुप्ता (70) की अप्रैल 2015 में नृशंस हत्या कर दी गई थी। आठ अप्रैल 2015 की रात दोनों के घर की रसोई में मिले थे। इस पेंचीदा मर्डर मिस्ट्री के वर्कआउट में पुलिस के फेल रहने पर सरकार ने जांच सितंबर 2016 में जांच एजेंसी सीबीआई को सौंप दी थी। गुप्ता दंपति के बेटे मुकुल गुप्ता को फर्जी एनकाउंटर में पुलिस ने मार दिया था। इस मामले में आईपीएस अफसर जे रविंद्र गौड़ भी आरोपी थे। ऐसे में मुकुल के माता-पिता की हत्या से कई सवाल उठे थे। विजेंद्र गुप्ता अपने बेटे के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए लड़ रहे थे।
दूसरा मामला इस्लानगर थाने के गांव सिठौली का है। यहां के उमेश यादव पुत्र चंद्रपाल का 31 जुलाई 2014 को अपहरण कर लिया गया था। आरोपियों के परिवार में कई लोग पुलिस महकमे में बड़े ओहदों पर होने की वजह से जांच प्रभावित होती रही। सत्यवती ने पुलिस जांच के खिलाफ कोर्ट की शरण ली थी। इस पर कोर्ट ने मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था। सीबीआई ने उमेश का पता बताने वाले को इनाम का ऐलान भी किया है। दोनों मामलों में सीबीआई की विशेष अपराध शाखा जांच कर रही है। सूत्रों की मानें तो सीबीआई को दोनों मामलों में कई क्लू मिले हैं। ऐसे में जांच ने जोर पकड़ा है। गुरुवार को इसी के चलते सीबीआई की विशेष अपराध शाखा के एसपी एसके खरे ने बदायूं पहुंच कर पड़ताल की। इसके बाद वह लखनऊ लौट गए। ----
एक टीम बदायूं में, आज भी होगी कई से पूछताछ
बदायूं। सीबीआई की विशेष अपराध शाखा के एसपी एसके खरे दोनों मामलों में पड़ताल करने के बाद लखनऊ लौट गए हैं, लेकिन जांच एजेंसी की एक टीम डीएसपी वी दीक्षित के साथ बदायूं में ही डेरा डाले हुए है। सूत्रों की मानें तो जांच एजेंसी ने शुक्रवार को दोनों मामलों में पूछताछ के लिए कई लोगों को निरीक्षण भवन गेस्ट हाउस बुलाया है।