करीब आठ दिन से चोरी की बाइक बरामदगी का चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान का बृहस्पतिवार को पटाक्षेप हो गया। पुलिस ने अमीरगंज के युवक के पास से चोरी की दो बाइक बरामद दिखाकर चालान कर दिया। उसका साथी फरार है।
बाइक चोरी में पकड़ा गया गया पन्नालाल कोतवाली क्षेत्र के गांव अमीरगंज का नविासी है। पुलिस की मानें तो पन्नालाल ने अमीरगंज के मजरा मड़इयां निवासी राजू के साथ मिलकर दो बाइक चोरी कीं। राजू पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा लेकिन पन्नालाल से पूछताछ के बाद पुलिस ने बरामदगी की औपचारिकता पूरी कर उसका चालान कर दिया। पन्नालाल और राजू ने दोनों बाइक कहां से चुराई और उनका मालिक कौन है, पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है।
बता दें कि पुलिस ने आठ दिन पहले जब धरपकड़ अभियान शुरू किया तो बसोमा निवासी दो मैकेनिक और एक कबाड़िया का नाम भी सामने आया था। पुलिस ने कबाड़िया समेत मैकेनिकों से भी पूछताछ की थी। कबाड़िया की निशानदेही पर दरोगा एके सिंह ने खुदबुर्द बाइक का इंजन और पार्ट्स भी बरामद किए थे लेकिन बाइक चोरी की पिक्चर में अब उनमें से किसी का नाम शामिल नहीं है। उन्हें अगले दिन ही पुलिस ने हिरासत से भी मुक्त कर दिया था। इधर, पुलिस का कहना है कि फरार राजू की तलाश में दबिश दी गई है।