दातागंज रोड पर नवलपुर के पास रात हुई वारदात
एक नामजद समेत दो लोगों पर हत्या का मुकदमा
मूसाझाग थाना क्षेत्र में दातागंज रोड पर गांव नवलपुर के पास मंगलवार रात बाइक सवार जीजा-साले पर हमलावरों ने रंजिशन फायरिंग कर दी गई। इसमें गोली लगने से पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साला प्रेमपाल घायल हो गया। बताया जा रहा है कि साली का रिश्ता तय करने से इनकार करने पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। मामले में एक आरोपी को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सिविल लाइंस थाने के गांव सिरसा दबरई निवासी पुष्पेंद्र (28) की दातागंज के गांव कौंर में ससुराल है। पुष्पेंद्र ससुराल आया हुआ था। वह यहां से मंगलवार को अपने साले प्रेमपाल की दातागंज के गांव सिरसा स्थित ससुराल गया था। पुष्पेंद्र और प्रेमपाल रात में करीब आठ बजे बाइक से कौंर लौट रहे थे। मूसाझाग थाना क्षेत्र में नवलपुर गांव के पास दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुष्पेंद्र को दो गोलियां लगीं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और प्रेमपाल घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेमपाल की तहरीर पर पुलिस ने बिनावर थाने के गांव बमियाना निवासी राकेश को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रेमपाल का कहना है कि उसकी तीन सालियां हैं। इनके लिए रिश्ते के सिलसिले में वह बहनोई के साथ ससुराल गया था। राकेश की ससुराल भी सिरसा गांव में है। राकेश उसकी एक साली की शादी सराय पिपरिया में अपनी रिश्तेदारी में कराना चाहता था। इससे इनकार करने पर वह रंजिश मानने लगा। इसी के चलते राकेश ने हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
-----
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पड़ताल की जा रही है। पता लगा है कि यह रंजिशन हत्या का मामला है।
-अनिल यादव, एसपी सिटी