पुलिस ने रोका तो बोला हमला, तीनों युवक हिरासत में
माहौल बिगाड़ने की कोशिश, पुलिस ने दिखाई चौकसी
शहर के नवादा में कांवड़ियों के जत्थे में तीन युवकों ने जबरन बाइक से घुसने का प्रयास किया। मौके पर तैनात सिपाहियों ने उन्हें रोका तो एक पर उन्होंने जानलेवा हमला बोल दिया गया। इस पर हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने स्थिति संभाली। तीनों युवकों को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने भेज दिया गया है। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कांवड़ियों के कई जत्थे रविवार देर रात नवादा चौराहा के पास खड़े हुए थे। सुरक्षा के लिहाज से एसएसपी सिटी कमल किशोर, सीओ सिटी वीरेंद्र यादव भी मौके पर मौजूद थे। इस बीच रात में अचानक जब बाइक सवार कुछ युवक हुड़दंग काटते हुए रोड से निकले तो अधिकारियों को अंदाजा हो गया था कि यह माहौल बिगाड़ने की साजिश है इसीलिए उन्होंने पुलिस कर्मियों को अलर्ट कर दिया। पुलिस जत्थों की ओर जाने वाली बाइक को रोकने का बंदोबस्त कर ही रही थी तभी अचानक तेजी से बाइक लेकर तीनों युवक जत्थे में घुस गए।
सिपाही उन्हें पकड़ने पहुंचा लेकिन वे काबू में नहीं आ सके। उन्होंने सिपाही पर ही हमला बोल दिया। इस बीच एसपी सिटी और सीओ सिटी एसओ सिविल लाइंस राजीव कुमार शर्मा के साथ मौके पर पहुंच गए और हालात पर काबू कर लिया और जत्थे को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना कर दिया। पकड़े गए तीनों युवकों टीटू, अनस, आस मोहम्मद के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
--------------
कांवड़ियों के जत्थे में जाने से बाइक सवार युवकों को सिपाही ने रोका था। तीनों युवक जत्थे में पहुंचकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। हिरासत में लेने के बाद तीनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। - कमल किशोर, एसपी सिटी