चेन स्नेचिंग की लगातार तीसरी घटना से महिलाओं में दहशत
पुलिस ने लिंक रोड पर खंगाले सीसीटीवी के फुटेज
बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार को एक और महिला को शिकार बना लिया। घर से स्कूल के लिए निकली शिक्षिका पर बदमाशों ने झपट्टा मारा और गले से सोने की चेन खींच कर भाग गए। शिक्षिका ने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना के स्थल के पास एटीएम केबिन में लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी खंगाल लिया।
घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। पंजाबी कालोनी निवासी पंकज की पत्नी गुंजन न्यू लिटिल एंजिल स्कूल में शिक्षिका हैं। वह घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं तो लिंक रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा बैंक के एटीएम केबिन के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने गुंजन के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। बदमाश बाइक लेकर प्राइवेट बस स्टैंड की ओर फरार हो गए। शिक्षिका ने शोर भी मचाया। लोग मौके पर पहुंचे भी लेकिन पीछा करने पर भी बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया।
सूचना के बाद कोतवाली से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी हासिल की। शिक्षिका से बदमाशों के हुलिया के बारे में भी जानकारी हासिल की। बाद में दरोगा सुनील कुमार समेत पुलिस कर्मियों ने एटीएम केबिन में लगे सीसीटीवी के फुटेज देखे। फुटेज में पुलिस को कोई ऐसा चेहरा नजर नहीं आया जो बाइक सवार हो। बता दें कि शनिवार की बाइक सवार बदमाशों ने कोतवाली के पास से सराफ संजीव गोयल की पत्नी रीतू और रेडीमेड गारमेंट्स के स्वामी ज्योति छाबड़ा की पत्नी दिव्या के गले से चेन स्नेचिंग कर ली गई थी।
------
दंपति से लूट करने वाले भी पुलिस की पकड़ से दूर
उझानी। पांच दिन पहले मुजरिया रोड पर दहेमू पुलिया के पास बाइक सवार कोतवाली क्षेत्र केे गांव टिमरूआ निवासी बाइक सवार विवेक औरउसकी पत्नी विमलेश से बदमाशों ने तमंचा दिखाकर नकदी, सोने की चेन और सेलफोन लूट लिया था। लूट के शिकार दंपति ने कछला चौकी पर पहुंचकर पुलिस को भी घटनाक्रम से अवगत करा दिया था लेकिन पुलिस बदमाशों तक पहुंचने में नाकाम रही है।