बेसिक शिक्षा दफ्तर में स्टाफ नदारद रहने की शिकायत तो थी ही, गंदगी भी खूब रहती थी। अब तो यहां शराब की बोतलें भी मिलने लगी हैं। बुधवार को दफ्तर में बने शौचालय में दो बोतलें रखीं मिलीं, तो देखने वालों ने तरह-तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए। क्योंकि उन्हें भी इस बात का यकीन नहीं हो रहा था कि यहां भी ऐसा हो सकता है। हालांकि विभागीय लोग इसे किसी की शरारत बता रहे हैं।
काबिले गौर है कि बेसिक दफ्तर के परिसर में लगी पानी की टंकी और जीने के आसपास ढेरों गंदगी देखी जा सकती है। अक्सर यहां कूड़ा पड़ा रहता है। वहीं शौचालय में भी भयंकर गंदगी रहती है। सफाई अभियान के नाम पर भी औपचारिकता होती रही है। व्यवस्था पर जिम्मेदार भी ध्यान देना जरूरी नहीं समझते हैं। यहीं कारण है कि अब यहां गंदगी के अलावा शराब की बोतलें भी नजर आने लगी हैं। विभागीय जानकार बताते हैं कि यहां चौकीदार मनमानी करते हैं। दफ्तर के कुछ लोग भी शाम ढले इस शौक को करने में परहेज नहीं करते। कई बार इसकी शिकायतें हुईं हैं। वहीं इस संबंध में जब प्रभारी बीएसए सोमनाथ विश्वकर्मा से पूछा गया तो उन्होंने इस हरकत को गलत बताया। कहा, दफ्तर के लोगों की शिकायतें आती रहीं हैं। शाम को भी दफ्तर का आकस्मिक निरीक्षण होना चाहिए। इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। जो भी दोषी पाया जाता है, उसके विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।