बेटे की शादी की तैयारियां इस तरह से मातम में बदल जाएंगी किसी ने सोचा भी न होगा। राजाराम महिला इंटर कॉलेज के सीनियर क्लर्क अजय सक्सेना की हादसे में मौत की खबर जब उनके घर पहुंची तो पूरे मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं वहां चित्कारें गूंजनें लगीं। गुरुवार शाम को जब अजय सक्सेना का शव घर पहुंचा तो आस-पास के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
टिकटगंज निवासी अजय सक्सेना के बड़े बेटे सचिन सक्सेना की दो मार्च को शादी है। अजय सक्सेना अपनी पत्नी अमिता सक्सेना, बेटी अनीता और बेटा आशीष सक्सेना के साथ कार्ड बांटने और खरीदारी के लिए बरेली गए थे। जब वह परिवार के साथ वहां से लौट रहे थे तो रात करीब एक बजे उनकी कार को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में अजय सक्सेना और मीराजी चौकी इलाके के निवासी कार चालक नन्हे की मौके पर मौत हो गई। अमिता, आशीष और अनीता घायल हो गए। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम अजय सक्सेना और नन्हे के शव बदायूं लाए गए। अजय सक्सेना की मौत से उनके परिवार में कोहराम का माहौल है।
इंदौर में नौकरी करता है बड़ा बेटा
बदायूं। अजय सक्सेना का बड़ा बेटा सचिन सक्सेना इंदौर में एक कंपनी में नौकरी करता है। सचिन की ही दो मार्च को शादी है। खबर मिलने के बाद सचिन भी घर पहुंच गया।
शोकसभा कर दी श्रद्घांजलि
बदायूं। अजय सक्सेना उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के मंडल उपाध्यक्ष भी थे। उनकी आकस्मिक मौत की खबर पर शिक्षणेत्तर संघ ने शोकसभा कर दो मिनट का मौन रखा। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा में ब्रजेश सिंह राठौर, शिव बदन गुप्ता, कालीचरन शर्मा, प्रदीप सकसेना, गजेंद्र मोहन शर्मा, मनोज भारद्वाज, लटूरी लाल, नीरेश वर्मा, राजेंद्र गुप्ता, रामाशंकर वर्मा, अजीत चंदेल, कुलदीप सक्सेना, हीरा लाल आदि रहे।