हाथरस। गश्त के दौरान चंदपा के निकट नगला भुस में पुलिस ने गोवंश से भरे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक को रोके जाने पर चालक और उसके साथी पुलिस पर फायर करते हुए भाग निकले, जबकि परिचालक को पुलिस ने दबोच लिया। ट्रक में 41 गाय-बछड़े थे। इनमें 20 गाय थीं। इन्हें श्रीकृष्ण गोशाला के पास ट्रक से उतारा गया। इसमें से एक बछड़े की ट्रक के अंदर दम घुटने से मौत हो गई। सभी घायल गाय-बछड़ों का उपचार कराकर उन्हें गोशाला के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने गश्त के दौरान बुधवार रात दो बजे ट्रक को रोकने की कोशिश की थी। ट्रक के नहीं रोकने पर पुलिस को इसमें गोवंश होने का संदेह हुआ। गोवंश से भरे ट्रक को पकड़े जाने की खबर पर हिंदू जागरण मंच के अभिषेक रंजन आर्य, शिवशंकर गुलाठी, वंशी पंडित, बौबी, संजीव पंडित आदि कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। हिंदूवादियों की मदद से तड़के सुबह गोवंश को श्रीकृष्ण गौशाला पर उतारा गया। गाय-बछड़ाें की दयनीय हालत देख हिंदूवादियों की पुलिस से नोक-झोंक भी हुई। हिंदूवादी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एसओ अजय कौशल ने बताया कि पकड़ में आए परिचालक ने अपना नाम नईम पुत्र रहीस अहमद निवासी काशीपुर जिला रामपुर बताया है। उसके पास से पुलिस को एक तमंचा भी मिला है। ट्रक इटावा के बैजपुरा से गोवंश को भरकर रामपुर जा रहा था। चालक फरमान निवासी मुरादाबाद और उसका साथी अतीक पुत्र हबीब निवासी रामपुर मौके से भागने में कामयाब रहे। ट्रक का मालिक भूरा निवासी खेमपुर, रामपुर बताया गया है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है। सभी घायल पशुओं का उपचार कराया गया है। मृत बछड़े को दफना दिया गया है। सभी चार आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 25 आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।