कई जगह मिलावटी डीजल और पेट्रोल की बिक्री जोरों पर है। यह मिलावट केवल पेट्रोल पंपों तक ही सीमित न होकर क्षेत्र के छोटे-बड़े चौराहों पर बेरोकटोक जारी है। मिलावटी तेल परेशानी पैदा कर रहा है। एक तरफ ज्यादा पैसा लिया जा रहा है तो दूसरी तरफ वाहनों के इंजन में खराबी से नुकसान भी हो रहा है।
पेट्रोल पंपों पर घटतौली और मिलावटी तेल यदा कदा चर्चा में बना रहता है। संपर्क मार्गों पर जहां पेट्रोल पंप नहीं हैं, वहां डीजल पेट्रोल की आपूर्ति के लिए माफिया ने जाल बिछा रखा है। जो पेट्रोल 69.45 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलता है। उसे फुटकर विक्रेता 75 से 80 रुपये लीटर में बेचते हैं। बाइक सवार राजकुमार, सत्यपाल, देवेंद्र, तेजपाल, अमित पाल आदि कहते हैं कि मिलावटी तेल भरवाकर यात्रा करना बड़ा हानिकारक साबित हो रहा है। तेल भरवाने के एक-दो किमी चलने के बाद ही गाड़ी धुआं देकर बंद हो रही है।
-----
सॉलवेंट ऑयल की तो नहीं हो रही मिलावट
बगरैन। दूसरे प्रांतों से सॉलवेंट नामक तरल पदार्थ का कारोबार क्षेत्र में बढ़ गया है। सूत्र बताते हैं कि इस कारोबार में रैकेट के सदस्य बिल्कुल पेट्रोल से दिखने वाले सॉलवेंट ऑयल की धड़ल्ले से मिलावट कर रहे हैं। बताते हैं कि हजार लीटर के अनुपात में ढाई सौ लीटर सालवेंट मिलाकर कारोबारी मोटा मुनाफा कमा रहेे है।
-----
इस प्रकार मिलावट की कोई सूचना किसी ने नहीं दी है। पेट्रोल पंपों पर संबंधित कंपनी के अधिकारियों की निगरानी होनी चाहिए लेकिन कोई इस प्रकार की शिकायत करता है तो जांच करवाई जा सकती है और कार्रवाई की संस्तुति भी की जा सकती है।
- सत्यदेव, जिला पूर्ति अधिकारी