छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लौट रही पुलिस टीम की कार सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कछला मोड़ पर रोडवेज बस से भिड़ं गई। दुर्घटना में 27 साल के एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दारोगा और दो सिपाही समेत छह लोग घायल हो गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक की बहन हाईस्कूल की छात्रा है। 12 जनवरी को वह लापता हो गई थी।18 जनवरी को शहर कोतवाली में हरीओम और उसकी पत्नी राधा निवासी चंदोखर गौटिया थाना सिविल लाइंस तथा ख्याली और उसकी पत्नी भगवान देवी निवासी मामूरगंज थाना कादरचौक के खिलाफ छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
सोमवार को छात्रा के भाई को सूचना मिली कि आरोपी कासगंज क्षेत्र में हैं। उसने यह जानकारी मामले की विवेचना कर रहे एसआई अशोक कुमार को दी। अशोक कुमार अपने साथ सिपाही वीरेंद्र सिंह और जोगेंद्र सिंह के साथ एक पुलिस कर्मी की वैगन आर कार से कासगंज गए थे। छात्रा का भाई और मामा भी उनके साथ था। कासगंज क्षेत्र से पुलिस टीम ने हरीओम और ख्याली को पकड़ लिया लेकिन छात्रा का पता नहीं चला।
पुलिस टीम दोनों आरोपियों को पकड़ कर शहर कोतवाली ला रही थी। करीब साढ़े पांच बजे कछला मोड़ पर रोडवेज बस से कार की टक्कर हो गई। इससे कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को पहले उझानी सीएचसी ले जाया गया और वहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। घायल पुलिस वालों को भी प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।