दो दिन पहले अपनी बहन के घर आई महिला की उसके पति ने गुरुवार शाम सिर में धनकुटा मारकर हत्या कर दी। वहीं मौके पर पहुंची ने पुलिस ने धनकुटा कब्जे में लेकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करीब 35 वर्षीय महिला प्रीति पत्नी छविराम शाहजहांपुर जिले में मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर निवासी थी। प्रीति की बहन नन्ही देवी उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम बंगस नगला में ब्याही है। दो दिन पहले प्रीति और छविराम अपने चार बच्चों के साथ बंगस नगला आए थे। तभी से दंपति यहीं रुके हुए थे। परिवार वालों की माने तो गुरुवार शाम करीब चार बजे सभी लोग घर के आंगन में बैठे बातें कर रहे थे। हंसी मजाक भी चल रही थी। उसी समय प्रीति ने कोई ऐसी बात कह दी, जिससे छविराम चिढ़ गया और उसने वहीं पड़ोस में रखा धनकुटा (धान कूटने वाला) प्रीति के सिर में दे मारा। धनकुटा काफी भारी भरकम था, जिससे प्रीति वहीं अचेत होकर गिर गई। इससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। लोग उसे जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे कि तभी उसकी मौत हो गई। प्रीति की मौत के बाद परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और खून से सने धनकुटा को कब्जे में ले लिया। आरोपी पति छविराम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी आरोपी के खिलाफ कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।