फैजगंज बेहटा क्षेत्र में बुधवार रात पकड़े गए महिला के खरीदार को चौकी पुलिस ने छोड़ दिया। एक खुद ही अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। साथ ही उसके द्वारा खरीदकर लाई गई महिला को भगा दिया गया।
बुधवार शाम करीब आठ बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के पीछे खंडरनुमा प्रतीक्षालय में लोगों ने एक महिला और दो व्यक्तियों को देखा। महिला रो रही थी और दोनों व्यक्ति आपस में सौदेबाजी कर रहे थे। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने शक होने पर स्थानीय चौकी पुलिस को सूचना दे दी। इस पर पुलिस भी पहुंच गई और तीनों लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। इसी बीच दलाल अंधेरे का फायदा उठा मौके से भाग गया। उसके बाद चौकी पुलिस महिला और एक व्यक्ति को चौकी ले गई। महिला दूसरे समुदाय की थी जो समीप के जिला रामपुर के थाना शाहबाद के एक गांव की रहने वाली थी। मौके से फरार हुआ व्यक्ति दलाल था। जो सौदेबाजी कराने आया था। वह भी उसी थाने के दूसरे गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जबकि महिला के साथ पकड़ा गया व्यक्ति जिला बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के एक गांव का रहने बाला सफाई कर्मी है। जो उस महिला को खरीदने आया था। आरोप है कि चौकी पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति से मोटी रकम लेकर रात में छोड़ दिया। किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।