चार दिन पहले रहस्यमय हालात में लापता हुई छात्रा को जीआरपी के जरिए जम्मू में बरामद करा चुकी कोतवाली पुलिस उसे लेकर शनिवार दोपहर में यहां आ गई। उसके साथ जीआरपी को एक युवक भी मिला था जो अब पुलिस की हिरासत में है। बरामद छात्रा ने पुलिस को कोई भी बात स्पष्ट रूप से नहीं बताई। उसने युवक को जहां निर्दोष बताने की कोशिश की वहीं घरवालों के साथ जाने से भी इंकार नहीं किया। उसकी उलझाऊ बातों से परेशान घरवालों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार को उसका बयान कोर्ट में होगा।
कोतवाली पुलिस छात्रा को लेकर यहां पहुंची तो भनक लगते ही परिवार के लोगों के साथ रिश्तेदार भी आने लगे। छात्रा को हालांकि पुलिस ने बयान देने से पहले घरवालों से दूर ही रखा लेकिन जो जानकारी सामने आई है, उससे छात्रा के घरवालों की परेशानी बनी हुई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो 161 के बयान में छात्रा ने खुद ही युवक के साथ जाने की बात कही है। युवक सेना में है या नहीं, इसकी तस्दीक भी की जा रही है। भाई समेत परिजन सामने पड़े तो उसकी आंखें नम हो गईं। एक बार तो उसने यह भी कह दिया कि वह अब घर जाना चाहती है। बता दें कि चार दिन पहले सहेली के घर जाने की कहकर गायब छात्रा की बरामदगी को लेकर उसके घरवालों और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर गुस्से का भी इजहार किया था। कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने बताया कि छात्रा क्या चाहती है, यह सोमवार को कोर्ट में उसके बयान के बाद साफ हो जाएगा। तब तक उसे बदायूं के महिला थाने में पुलिस अभिरक्षा में रखा जाएगा।
कोतवाली में गहमागहमी का माहौल
उझानी। गायब छात्रा को बरामद करके पुलिस कोतवाली पहुंची तो लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। परिवार के लोगों के साथ ज्यादातर लोग यह देखना चाहते थे कि युवक कौन है। सूत्रों की मानें तो छात्रा के परिजनों ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया। वह कहां का रहने वाला है और छात्रा उसके संपर्क में कैसे पहुंची, यह भी फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है। सूत्र बताते हैं कि युवक से उसका संपर्क फेसबुक के जरिए हुआ था।