उझानी। अहीरटोला मोहल्ले की नई बस्ती में मंडी समिति के कर्मचारी सुग्रीव सिंह के घर पड़ी डकैती की घटना के दूसरे दिन शाम को एसएसपी चंद्रप्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के घायल सदस्यों से बात कर घटना के बारे में जानकारी की। उन्होंने कोतवाली पुलिस को भी आड़े हाथ लिया। बोले- जल्द बदमाशों को पकड़ो नहीं कार्रवाई कर दूंगा।
मंगलवार देर शाम पीड़ित परिवार से मिले एसएसपी चंद्रप्रकाश के सामने मंडी समिति कर्मचारी सुग्रीव सिंह और उसके घायल बेटे कुलदीप, मनोज कुमार और दुर्वेश ने डॉयल-100 से कोई रेस्पांस नहीं मिलने की भी शिकायत की। बताया- मोहल्ले में पिछले कई दिनों से बदमाशों की धमक थी। पड़ोस में ओमपाल के घर चोरी भी हुई थी लेकिन तब भी पुलिस ने मौका मुआयना करना उचित नहीं समझा था। एसएसपी ने छत पर उस स्थान को भी देखा, जिस ओर से बदमाश घर में घुसे थे। मोहल्ले के लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाया। बोले- मोहल्ले में गश्त के लिए पुलिस कर्मी नहीं पहुंचते। करीब 20 मिनट तक घायलों से बात करने के बाद एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की क्लॉस भी ली। जल्द ही बदमाशों के नहीं पकड़ जाने पर कार्रवाई का सामना करने को तैयार रहने की चेतावनी दी। बाद में एसएसपी ने एसपी सिटी कमल किशोर के साथ कोतवाली पहुंचकर घटना के वर्कआउट की दिशा में पुलिस के अब तक के प्रयासों की जानकारी की।