कुंवरगांव (बदायूं)। कस्बे में शुक्रवार शाम ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से चाट पकौड़ी का ठेला पलट गया, जिस पर खौल रहा गर्म तेल और भट्ठी गिरने से दो बच्चियों समेत तीन लोग झुलस गए।
कस्बा निवासी राकेश सड़क किनारे अपना चाट पकौड़ी का ठेला लगाता है। शुक्रवार शाम ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार तीन लोगों ने उसके ठेले से कुछ सामान खरीदा था। बाद में जाते समय ट्रैक्टर से ठेले को टक्कर मार दी, जिससे ठेले पर कढ़ाई में खौल रहा तेल और भट्ठी दोनों गिर गए। इससे राकेश और उसकी दो बेटियां कनक (4) और नंदनी (6) गंभीर रूप से झुलस गए। यह देखकर ट्रैक्टर सवार लोग मौके से फरार हो गए लेकिन अपना ट्रैक्टर ट्रॉली वहीं छोड़ गए। तीनों लोगों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली अपने कब्जे में ले लिया है। ब्यूरो