बदायूं। जिला अस्पताल में बुधवार को दवा लेने आई एक महिला के पर्स से मोबाइल चोरी हो गया। महिला के पर्स से मोबाइल निकालने वाला एक बालक सीसीटीवी फुटेज में दिखा है, जो मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के बताए हुलिया के आधार पर एक 12 वर्षीय बालक को दबोच लिया। हालांकि उसके पास मोबाइल नहीं निकला। इसको लेकर अस्पताल में काफी देर हंगामा रहा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद बालक को छोड़ दिया।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी जितेंद्र बुधवार दोपहर अपनी पत्नी अर्चना के साथ बच्चे को दवा दिलाने जिला अस्पताल आए थे। वह ओपीडी में जन औषधि केंद्र से दवा लेकर बाहर निकल रहे थे। उसी दौरान सात नंबर कमरे के सामने एक 10-12 वर्षीय बालक ने अर्चना के पर्स से मोबाइल चोरी कर लिया और बाहर भाग गया। अर्चना ने उसका पीछा भी किया था। परंतु बालक अर्चना को चकमा देने में सफल रहा। इसकी सूचना देने पर पुलिस पहुंच गई। अर्चना के बताए हुलिया के आधार पर पुलिस ने शक के आधार एक बालक को पकड़ लिया। जबकि बालक अपने पिता और दादा के साथ जिला अस्पताल दवा लेने आया था। पुलिस बालक को पकड़कर सीएमएस कार्यालय के सामने उसके दादा के पास ले गई। आरोपी बालक के दादा ने अर्चना की खुशामद करते हुए बच्चे को निर्दोष बताया। कहा कि वह बच्चे का सीटी स्कैन कराने आए हैं। इस बीच लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस ने ओपीडी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, जिनमें उस बालक को चोरी करते हुए नहीं देखा गया। इस पर उसे छोड़ दिया गया। जबकि मोबाइल चोरी करने वाले बालक का कुछ पता नहीं चला।